माफ़ी: जिंदगी की उलझन या सुलझन

"माफ़ी" शब्द विचारों का मंथन करता है।इसका एक पहलू से आंकलन मुश्किल है।देखा जाए तो मनुष्य का जीवन रिश्तों, भावनाओं और अनुभवों का एक सुंदर मिश्रण है। इस सफर में कभी प्रेम मिलता है, तो कभी तकरार। कभी शब्द दिलों को जोड़ देते हैं, तो कभी वही शब्द दूरियाँ पैदा कर देते हैं। ऐसे में एक छोटा-सा शब्द —"Sorry" अर्थात् “माफ़ी” — कई बिगड़ी बातों को सँवारने की ताकत रखता है।पर इसी दृष्टिकोण को दूसरे नजरिए से देखें तो क्या माफ़ी सच में ज़िन्दगी सँवार देता है या उसे और उलझा देता है? परन्तु जब ऐसे विचार मन में गुलाटियां मारने लगे तब प्रश्न खड़ा होता है कि माफ़ी ज़िन्दगी की उलझन है या सुलझन?
आएंगे इसके विभिन्न पक्षों पर दृष्टि डालें -
माफ़ी: कमजोरी नहीं, समझदारी है
अक्सर लोग यह मान लेते हैं कि माफ़ी माँगना हार मान लेना है। उन्हें लगता है कि झुकने वाला व्यक्ति कमजोर होता है। जबकि सच इसके बिल्कुल विपरीत है।
माफ़ी वही व्यक्ति माँग सकता है, जिसमें अपने अहंकार से ऊपर उठने का साहस हो। अपनी गलती स्वीकार करना हर किसी के बस की बात नहीं होती।
कई बार रिश्ते इसलिए टूट जाते हैं क्योंकि दोनों पक्ष सही होने की लड़ाई में लगे रहते हैं। वहाँ माफ़ी एक पुल का काम कर सकती है। यह किसी के आत्मसम्मान को छोटा नहीं करती, बल्कि रिश्तों को बड़ा बना देती है।
जब माफ़ी उलझन बन जाती है
माफ़ी हर परिस्थिति में समाधान बनें, यह जरूरी नहीं। कुछ लोग बार-बार गलती करते हैं और हर बार “सॉरी” कहकर अपनी जिम्मेदारी से बच निकलना चाहते हैं।आप जितनी बार माफ़ करेंगे,वह उतनी बार ग़लती करेंगे। ऐसी माफ़ी केवल शब्द बनकर रह जाती है, जिसमें सच्चाई नहीं होती।
यदि माफ़ी के पीछे बदलाव की भावना न हो, तो वह रिश्तों को और अधिक उलझा सकती है।
क्योंकि घाव केवल शब्दों से नहीं भरते, व्यवहार से भरते हैं।जब व्यक्ति दिल से माफ़ी मांगता है तो वह  ग़लती दोहराता नहीं।
दिल से निकली माफ़ी की ताकत
वास्तव में माफ़ी वही जो दिल की गहराइयों से निकले।उसे ही सही अर्थ में माफ़ी कहा जाएगा।
जिसमें एक अजीब-सी शांति होती है। यह केवल सामने वाले को ही नहीं, स्वयं को भी हल्का कर देती है।
कई बार वर्षों की दूरियाँ चंद सच्चे शब्दों “मुझे माफ़ कर दो” से समाप्त हो जाती हैं।
माफ़ी मन के भीतर जमी कड़वाहट को धो देती है। यह रिश्तों में नई शुरुआत का अवसर देती है। जिस प्रकार वर्षा सूखी धरती को ताजगी देती है, उसी प्रकार माफ़ी रिश्तों को जीवन देती है।
इसी बीच एक प्रश्न और खड़ा होता है कि क्या हर किसी को माफ़ कर देना चाहिए?
यहां मैं कुछ कहने से पहले स्वरचित दो पंक्तियां लिखना चाहूंगी -
कैसे करूँ मैं माफ़, कोई माफ़ी के काबिल नहीं।
कतरा-कतरा नोचा मुझको, मैं मरने के काबिल नहीं।” (प्रवीन)
ये केवल पंक्तियाँ नहीं हैं, बल्कि उस टूटे हुए मन की आवाज़ हैं जिसने अपनों से दर्द पाया हो। जीवन में कई बार ऐसे मोड़ आते हैं, जब इंसान दूसरों की गलतियों से इतना आहत हो जाता है कि “माफ़ी” शब्द भी बोझ लगने लगता है। तब मन पूछता है — क्या हर किसी को माफ़ कर देना चाहिए? क्या हर घाव के लिए माफ़ी दवा बन सकती है?
दर्द ही दास्तां बयां करता है
कुछ दर्द ऐसे होते हैं जिन्हें आँसू भी पूरा बयान नहीं कर पाते।
जब भरोसा टूटता है, जब अपने ही दिल को चोट पहुँचाते हैं, तब इंसान भीतर से बिखरने लगता है। उसे लगता है कि जिसने उसके अस्तित्व को “कतरा-कतरा” तोड़ा हो, वह माफ़ी के योग्य कैसे हो सकता है?
यही कारण है कि कई लोग माफ़ करना तो चाहते हैं, लेकिन उनका मन उन्हें रोक देता है। क्योंकि माफ़ करना आसान नहीं होता — विशेषकर तब, जब दर्द अत्यंत ही गहरा हो।
क्या माफ़ करना ज़रूरी है?
माफ़ करना किसी और के लिए नहीं, सबसे पहले स्वयं के लिए आवश्यक होता है।
इसका अर्थ यह नहीं कि हम गलतियों को सही मान लें या अपने आत्मसम्मान को भुला दें। बल्कि इसका अर्थ है — अपने मन को उस बोझ से मुक्त करना है, जो हमें भीतर ही भीतर तोड़ता रहता है।
यदि हम केवल घृणा और पीड़ा को पकड़े रहें, तो सबसे अधिक नुकसान हमारा खुद का ही होता है।
माफ़ी कभी-कभी रिश्तों को नहीं, बल्कि इंसान को खुद से जोड़ती है।
किसी को माफ़ करने का अभिप्राय यह कदापि नहीं कि फिर उसी दर्द में लौटा जाएं ।
जीवन हमें यह भी सिखाता है कि हर व्यक्ति माफ़ी के योग्य नहीं होता। कुछ लोग बार-बार वही गलती दोहराते हैं और फिर केवल शब्दों से सब ठीक कर देना चाहते हैं। ऐसे में दूरी बना लेना कमजोरी नहीं, समझदारी होती है।
आगे बढ़ने का नाम ही ज़िन्दगी है। कभी-कभी इंसान सामने वाले को नहीं,केवल उस घटना को पीछे छोड़ता है ताकि वह स्वयं आगे बढ़ सके।
टूटना अंत नहीं होता
“मैं मरने के काबिल नहीं” — यह पंक्ति हार नहीं, बल्कि भीतर छिपे संघर्ष की पहचान है।
दर्द कितना भी गहरा क्यों न हो, जीवन उससे बड़ा होता है। टूट जाना स्वाभाविक है, लेकिन उसी टूटन से फिर उठ खड़ा होना ही इंसान की असली ताकत है।
जो व्यक्ति पीड़ा के बाद भी जीवित रहने की इच्छा रखता है, वह वास्तव में भीतर से बहुत मजबूत होता है।
निष्कर्ष
माफ़ी जीवन की सबसे कठिन भावनाओं में से एक है।
कभी यह रिश्तों को जोड़ देती है, तो कभी केवल इंसान को खुद से जोड़ने का माध्यम बनती है। हर घाव तुरंत नहीं भरता, और हर दर्द को शब्दों से मिटाया नहीं जा सकता। लेकिन एक बात निश्चित है — इंसान दर्द से बड़ा होता है।
इसलिए यदि दिल आज माफ़ नहीं कर पा रहा, तो खुद को दोष मत दीजिए।
कभी-कभी समय ही वह रास्ता बनाता है, जहाँ दिल धीरे-धीरे हल्का होना सीखता है।
माफ़ी अहंकार के नाश का परिणाम है, लेकिन एक तरफा नहीं, दोनों तरफ से।
-प्रवीन 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

बिना गुरु क्या अध्यात्म संभव है?

प्रेम भाव है सागर से गहरा — प्रेम बिन कैसे जिया जाए?

दुःख अध्यात्म का प्रवेश द्वार क्यों बन जाता है?